लापता परमाणु वैज्ञानिक की तलाश में जुटे नौसेना के गोताखोर
उत्तरी कन्नड़ जिले के पुलिस अधीक्षक रमन गुप्ता ने आईएएनएस को बताया, "हमने वैज्ञानिक को ढूंढ़ने के लिए खोजी अभियान चलाया और हमारे साथ नौसेना के गोताखोर भी आ चुके हैं। गोताखोर महालिंगम को काली नदी में ढूंढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। उम्मीद है वैज्ञानिक के बारे में जल्द सुराग हाथ लगेंगे।"
महालिंगम की तलाश के लिए गुरुवार को विशेष खोजी दल गठित किया गया था। कैगा 1,000 एकड़ में फैले मल्लापुर जंगल से घिरा है और इसी जगह पुलिस अपना खोजी अभियान चला रही है।
पुलिस को आशंका इस बात की है कि महालिंगम नदी में डूब गए हैं। आशंका यह भी है कि तेंदुए के हमले का वह शिकार बने होंगे। पहले मीडिया में खबरें आई थीं कि अधिकारी इस आशंका को लेकर चिंतित हैं कि कहीं आतंकवादी संगठनों या राष्ट्र विरोधी तत्वों ने वैज्ञानिक को अगवा न कर लिया हो।
गौरतलब है कि 47 वर्षीय महालिंगम सोमवार सुबह टहलने के लिए निकले थे लेकिन वह वापस घर नहीं लौटे। उसी दिन शाम में उनकी पत्नी विनयाकर सुंदरी ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। महालिंगम पिछले 10 वर्ष से इस संयंत्र में कार्यरत हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications