विजयन के ख़िलाफ़ आरोप पत्र दाख़िल

केंद्रीय जाँच ब्यूरो ने केरल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व सचिव पिनरई विजयन के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार के एक मामले में आरोपपत्र दाख़िल कर दिया है.मामला वर्ष 1998 में कनाडा की एक कंपनी एसएनसी लवलीन तीन पनबिजली परियोजना के ठेके दिलाने में अनियमितता का है.इस मामले में विजयन के अलावा आठ अन्य लोगों के ख़िलाफ़ भी आरोपपत्र दाख़िल किया गया है. आरोपपत्र एर्नाकुलम की विशेष सीबीआई अदालत में दाख़िल किया गया है.
पूर्व मंत्री विजयन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 120बी (आपराधिक साज़िश) और भ्रष्टाचार निरोधक क़ानून की धारा 13 (1) और 13 (2) के तहत मामला दर्ज हुआ है.
मुक़दमा
सीबीआई के अधिकारियों ने बताया है कि इस मामले के दो अन्य अभियुक्त मैथ्यू रॉय और वी राजागोपाल के नाम हटा दिए गए हैं क्योंकि दोनों की मौत हो चुकी है. दोनों केरल राज्य विद्युत बोर्ड में काम करते थे.कुछ दिन पहले राज्यपाल आरएस गवई ने राज्य कैबिनेट की सिफ़ारिश को नज़रअंदाज़ करते हुए विजयन के ख़िलाफ़ मुक़दमा चलाने की अनुमति दे दी थी.
सीबीआई का कहना है कि कंपनी को ठेका देने में अनियमितता बरती गई और इसमें तत्कालीन राज्य सरकार में मंत्री रहे विजयन की भूमिका थी. सीबीआई ने जाँच के बाद कहा कि इस मामले में सरकारी कोष को भारी घाटा उठाना पड़ा.


Click it and Unblock the Notifications