'अफ़ग़ानिस्तान में बिगड़ रहे हैं हालात'

अमरीकी कमांडर जनरल डेविड पेट्रियस का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान में स्थितियाँ पिछले दो वर्षों में बुरी ही हुई हैं आने वाले समय में मुश्किलें बढ़ेंगी. जनरल पेट्रियस ने वॉशिंगटन में कहा कि स्थितियाँ पिछले दो वर्षों में बुरी ही हुई हैं और पिछले हफ़्ते तो हिंसा ने एक नई ऊँचाई को ही छू लिया. उन्होंने चेतावनी दी है कि आने वाला समय और मुश्किलों से भरा होगा.
जनरल पेट्रियस ने इसकी वजह ये बताई कि अमरीकी फ़ौजें आतंकवादियों के गढ़ और उनके छिपने के सुरक्षित स्थानों को निशाना बना रही हैं. अफ़ग़ानिस्तान में अभी 70 हज़ार से अधिक विदेशी सैनिक मौजूद हैं और उनमें से अधिकतर नैटो के नियंत्रण में काम कर रहे हैं. इस बीच बराक ओबामा का प्रशासन अफ़ग़ानिस्तान में 21 हज़ार सैनिक और भेजने की योजना बना रहा है.
नई चुनौतियाँ
अफ़ग़ानिस्तान में चुनौतियाँ ये हमले अभी बढ़ेंगे क्योंकि हम उनके गढ़ और सुरक्षित स्थानों में जा रहे हैं. मगर इस बात में कोई शक नहीं है कि स्थिति पिछले दो वर्षों में बिगड़ी ही है और आने वाला समय मुश्किल होगा जनरल डेविड पेट्रियस, अमरीकी सैनिक कमांडर
| |
पिछले हफ़्ते अफ़ग़ानिस्तान में 400 से भी ज़्यादा चरमपंथी हमले हुए जो कि जनवरी 2004 के 50 हमले प्रति सप्ताह से कहीं ज़्यादा है. अमरीका में सुरक्षा संबंधी नीतियों पर अध्ययन करने वाली संस्था सेंटर फ़ॉर अ न्यू अमेरिकन सिक्योरिटी में भाषण देते हुए जनरल पेट्रियस ने कहा, "ये हमले अभी बढ़ेंगे क्योंकि हम उनके गढ़ और सुरक्षित स्थानों में जा रहे हैं."
उनका कहना था, "मगर इस बात में कोई शक नहीं है कि स्थिति पिछले दो वर्षों में बिगड़ी ही है और आने वाला समय मुश्किल होगा." जनरल पेट्रियस ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान में उन्हें ऐसी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है जैसा उन्हें इराक़ में नहीं करना पड़ा था.
उनके अनुसार इनमें से एक स्थानीय लोगों के साथ बेहतर रिश्ते क़ायम करना भी है. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि अमरीकी सेना को वहाँ एक अच्छा साथी बनना पड़ेगा और साथ ही देखना होगा कि वो जो भी करे उसमें आम लोगों की जान-माल को नुक़सान न पहुँचे.
बीबीसी संवाददाताओं के अनुसार अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी सैनिकों की कार्रवाई में आम लोगों के मारे जाने की वजह से लोगों में ग़ुस्सा बढ़ा है और इस वजह से अमरीकी और अफ़ग़ान सरकार के बीच भी तक़रार बढ़ी है.


Click it and Unblock the Notifications