झारखंड में फिर माओवादी हमला, 10 की मौत

पहली घटना बोकारो के बेरमो की है. पुलिसवाले भारतीय स्टेट बैंक की बेरमो शाखा में पैसा जमा कराने के बाद लौट रहे थे.
रास्ते में माओवादियों ने उन पर घात लगाकर हमला किया. हमले में दो सिपाही मारे गए. लेकिन तब तक उन्होंने वायरलेस से हमले की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष को दे दी थी.
जब 15 पुलिसकर्मियों की एक टीम बारूदी सुरंग निरोधक वाहन से जब घटनास्थल की ओर रवाना हुई, तो ज़िले के नावाडीह के पास माओवादियों ने इस वाहन को बारूदी सुरंग से उड़ा दिया.
हमला
इस हमले में आठ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए.
झारखंड के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने बीबीसी को बताया कि पहले हमले में माओवादियों की संख्या ज़्यादा थी. इस कारण पुलिसवाले जवाबी कार्रवाई नहीं कर पाए.
दूसरी ओर माओवादियों के प्रवक्ता समर ने बीबीसी को फ़ोन करके इस घटना की ज़िम्मेदारी ली है और कहा है कि आंध्र प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ तक माओवादियों के ख़िलाफ़ चल रही कार्रवाई के बदले में ये हमले किए जा रहे हैं.
दो दिन पहले ही झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम ज़िले में हुए माओवादी हमले में 10 पुलिसकर्मी मारे गए थे.


Click it and Unblock the Notifications