'स्वाइन फ़्लू से घबराने की ज़रुरत नहीं'

स्वास्थ्य मंत्री ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कहा है कि स्वाइन फ़्लू को महामारी घोषित किए जाने के बावजूद घबराने की ज़रूरत नहीं और सरकार सावधानी बरत रही है. नई दिल्ली में पत्रकारों के साथ बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कहा कि भारत में स्वाइन फ़्लू से प्रभावित लोगों की संख्या काफ़ी कम है.
उन्होंने कहा, "मैं नहीं मानता कि घबराने की कोई आवश्यकता है. जहाँ तक हमारे देश का सवाल है, इसकी आबादी और आकार की तुलना में स्वाइन फ़्लू से प्रभावित लोगों की संख्या काफ़ी कम है." हालाँकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका ये मतलब कतई नहीं कि सावधानी बरतने की कोई आवश्यकता नहीं.
महामारी
गुरुवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) ने एक आपात बैठक के बाद स्वाइन फ़्लू को विश्वव्यापी महामारी घोषित कर दिया था. मैं नहीं मानता कि घबराने की कोई आवश्यकता है. जहाँ तक हमारे देश का सवाल है, इसकी आबादी और आकार की तुलना में स्वाइन फ़्लू से प्रभावित लोगों की संख्या काफ़ी कम है ग़ुलाम नबी आज़ाद
| |
हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वाइन फ़्लू के मामलों में ते़ज़ी आई हैं, इनमें भारत भी शामिल है. भारत में स्वाइन फ़्लू के तीन और मामले सामने आए हैं और स्वाइन फ़्लू से प्रभावित लोगों की संख्या 15 हो गई है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुरोध पर सरकार ने स्वाइन फ़्लू से प्रभावित देशों के अपने सभी दूतावासों को ये निर्देश दे दिया था कि वे संबंधित देशों से संपर्क में रहे और यह सुनिश्चित करें भारत आने वाले लोगों की जाँच-पड़ताल हो.


Click it and Unblock the Notifications