स्वाइन फ्लू : दिल्ली हवाई अड्डे पर तापीय परीक्षण यंत्र लगाए जाएंगे (लीड-1)
तापीय परीक्षण यंत्र लगाने का निर्णय कैबिनेट सचिव के.एम.चंद्रशेखरन की अध्यक्षता में गुरुवार की शाम हुई बैठक में लिया गया था। ज्ञात हो कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने फ्लू के गंभीरता स्तर को सर्वोच्च छह पर घोषित करते हुए इसे महामारी घोषित कर दिया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव विनीत चौधरी ने यहां संवाददाताओं को बताया, "शुरू में आईजीआई पर चार से छह तापीय परीक्षण यंत्र लगाए जाएंगे। प्रतिसाद अच्छा रहा तो अन्य हवाई अड्डों पर भी इस तरह के यंत्र लगाए जाएंगे।"
तापीय परीक्षण यंत्र किसी व्यक्ति के शरीर के बढ़ हुए तापमान को माप लेंगे। इसके जरिए उसके भीतर फ्लू के संभावित संक्रमण का पता लगाया जा सकेगा।
इस बीच दिल्ली हवाई अड्डे पर फ्लू वायरस के लिए यात्रियों की जांच प्रक्रिया चुस्त कर दी गई है।
आईजीआई हवाई अड्डे को विकसित करने वाली कंपनी दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डीआईएएल) के प्रवक्ता अरुण अरोड़ा ने शुक्रवार को कहा, "अंतर्राष्ट्रीय टर्मिनल पर पहुंचने वाले यात्रियों की 24 घंटे जांच की जा रही है। अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों से आने वाले यात्रियों से निवेदन किया गया है कि वे हवाई अड्डे पर उतरने के बाद पहले जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं।"
देश में फिलहाल फ्लू के 16 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। हैदराबाद में शुक्रवार को एक नया मामला प्रकाश में आया। डब्ल्यूएचओ के अनुसार 74 देशों में अब तक फ्लू के 28,774 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इसमें 144 लोग मौत के मुंह में समा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications