लवलीन ने विजयन को रिश्वत देने संबंधी आरोपों का खंडन किया (लीड-1)

टोरंटो/नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। कनाडा की इंजीनियरिंग कंपनी एसएनसी लवलीन ने शुक्रवार को भारत की मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पोलित ब्यूरो के सदस्य व केरल के वरिष्ठ नेता पिनराई विजयन से संबंधित 300 करोड़ रुपये के कथित घोटाला मामले में रिश्वत दिए जाने संबंधी आरोपों का खंडन किया।

इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को विजयन और एसएनसी लवलीन कंपनी व अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था।

आरोप पत्र में कहा गया है कि 1977 में जब विजयन राज्य के ऊर्जा मंत्री थे तो उन्होंने तीन ऊर्जा संयंत्रों के जीर्णोद्धार के लिए कनाडा की इस कंपनी को नियम कायदों को ताक पर रखकर ठेका दिया था।

एसएनसी लवलीन कंपनी के वैश्विक जनसंपर्क विभाग की उपाध्यक्ष जिलियन मैककोर्मेक ने आईएएनएस से कहा, "इस परियोजना की शुरुआत से लेकर अब तक हमने कुछ भी गलत नहीं किया है।"

रिश्वत शब्द के इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा, "हमारे पास छुपाने को कुछ भी नहीं है। सही मायने में भारत के साथ पिछले 50 वर्षो से जो हमारे संबंध रहे हैं, हमें उस पर गर्व है। भारत के आर्थिक विकास में हमारा बहुत योगदान रहा है।"

मैककोर्मेक ने कहा, "हमारी कंपनी ने हमेशा ही पेशेवर तरीके से और भारतीय कानून के मुताबिक अपने कार्यो को अंजाम दिया है।"

उन्होंने कहा, "हमने केरल में निर्धारित समय के मुताबिक तीन ऊर्जा परियोजनाओं को पूरा किया। हमें हमारे कामों के लिए लिखित तौर पर प्रशंसा भी मिली है।"

उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी ने एक कैंसर अस्पताल के निर्माण में केरल के अधिकारियों को मदद भी दी, जो कि कई वर्षो से अपनी सेवा दे रहा है।

मैककोर्मेक ने कहा कि कथित आरोप के संबंध में किसी ने भी उनकी कंपनी से संपर्क नहीं किया। हालांकि इस बारे में वह मीडिया में खबरें जरूर पढ़ती रहती हैं।

उन्होंने कहा, "हम अपने भारतीय ग्राहकों के साथ सकारात्मक माहौल में काम करते रहना चाहते हैं।"

इस बीच केरल में माकपा ने विजयन के खिलाफ भ्रष्टाचार के इस कथित मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाने की घोषणा की है।

माकपा की पंद्रह सदस्यीय राज्य सचिवों की बैठक के बाद पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, "हमें इस मामले को अदालत में ले जाने का कोई डर नहीं है। विजयन साबित कर देंगे कि वह निर्दोष हैं।"

बयान में कहा गया है, "पार्टी को पूरा भरोसा है कि एक बार जैसे ही यह मामला अदालत में जाएगा विजयन पाक-साफ होकर निकलेंगे।"

बयान में यह भी कहा गया है कि पार्टी उन तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी जिन्होंने पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।

सूत्रों के मुताबिक राज्य सचिवों की बैठक में मुख्यमंत्री वी. एस. अच्युतानंदन भी मौजूद थे। पार्टी नेताओं ने इस बैठक में विजयन मामले में मुख्यमंत्री द्वारा राज्यपाल के फैसले को उचित ठहराए जाने को लेकर आड़े हाथों लिया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+