'न्यायालय की रोक के बावजूद गंगा एक्सप्रेस वे का काम जारी'
लखनऊ में शुक्रवार को नेशनल एलायंस आफ पीपुल्स मूवमेंट (एनएपीएम) द्वारा आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में इस संगठन के सदस्य पर्यावरणविद् राजेंद्र सिंह ने कहा कि हाल ही में मैंने रायबरेली और प्रतापगढ़ का दौरा किया। इस दौरान वहां मैंने देखा कि न्यायालय की रोक के बावजूद गंगा एक्सप्रेस वे के लिए भूमि अधिग्रहण का काम जारी है।
उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेस परियोजना को जिस जल्दबाजी में पर्यावरणीय अनुमति प्रदान की गई इस पर इलाहाबाद उच्चन्यायालय ने सवाल उठाते हुए राज्य सरकार को फटकार लगाई थी और इसके निर्माण पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिये थे।
इस मौके पर एनएपीएम के सदस्य एवं मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता संदीप पांडे ने कहा कि हम मांग करते हैं कि जब तक उत्तर प्रदेश सरकार विभिन्न पर्यावरण संबंधी अनुमति व केंद्र सरकार की अनुमति न प्राप्त कर ले, इस परियोजना के सभी कार्यो पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे भूमि अधिग्रहण के खिलाफ हम जुलाई से रैलियां निकालकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
पांडे ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस वे जिन-जिन जिलों से होकर जा रहा है हम वहां रैलियां निकालकर लोगों को जागरूक करेंगे कि इस परियोजना से भूमि का जो अधिग्रहण होगा उससे खेती और किसानों की अजीविका प्रभावित होगी और विस्थापन की गंभीर समस्या खड़ी होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications