झारखंड में नक्सली हमला, 13 सुरक्षाकर्मी शहीद (लीड-1)
पुलिस के अनुसार नक्सलियों ने पहला हमला शुक्रवार को दोपहर बोकारो में फुसरो बाजार के समीप स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा पर किया। इस हमले के दौरान बैंक लूटने का विरोध करने वाले दो पुलिकर्मी शहीद हो गए। नक्सलियों की अंधाधुंध गोलीबारी में कम से कम 10 लोग घायल हो गए।
इस घटना के बाद बोकारो स्थित बरमो पुलिस स्टेशन इलाके में नक्सलियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच गोलीबारी भी हुई।
राज्य के पुलिस महानिदेशक वी.डी.राम के अनुसार एक अन्य घटना में बोकारो जिले के नवाडीह इलाके में नक्सलियों द्वारा किए गए बारुदी सुरंग विस्फोट में कम से कम 11 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए और आठ अन्य घायल हो गए। ये सुरक्षा कर्मी झारखंड सशस्त्र पुलिस (जेएपी) और विशेष सशस्त्र बल (एसएफ) से संबद्ध थे।
ज्ञात हो कि नक्सलियों ने आंध्रप्रदेश में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी के एक सदस्य वेंकट रेड्डी की हाल ही में की गई हत्या के विरोध में झारखंड सहित छह राज्यों में शुक्रवार को बंद का आह्वान किया था।
पिछले दो दिनों के दौरान नक्सलियों द्वारा किया गया यह दूसरा बड़ा हमला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications