कानपुर में पंजाब के छात्रों के खिलाफ रैगिंग का मामला दर्ज
पंजाब के मुक्तसर स्थित 'गुरू तेग बहादुर खालसा इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग' में पढ़ने वाला कानपुर निवासी आनंद मोहन डे संस्थान के वरिष्ठ छात्रों द्वारा लगातार किए जा रहे गलत व्यवहार से तंग आकर कुछ दिन पहले अपने एक सहपाठी के साथ घर लौट आया।
कानपुर के पुलिस अधीक्षक (शहर) राम लाल ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि आनंद डे और उनके हिमाचल प्रदेश निवासी एक सहपाठी अखिल शर्मा की शिकायत पर गुरुवार रात मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक दोनों छात्रों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2008 में कॉलेज में दाखिले के बाद से ही संस्थान के वरिष्ठ छात्र उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।
पीड़ित छात्रों ने कहा संस्थान के वरिष्ठ छात्र उन पर जबरन शराब पीने का दबाव डालते थे। मना करने पर उन्हें सिगरेट से दागते थे। इसके अलावा नशे की हालत में वे उन्हें परिसर में नंगा दौड़ाते थे। कॉलेज प्रशासन से इसकी शिकायत के बाद भी कोई मदद न मिलने के बाद उन्होंने घर लौटने का फैसला किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है लेकिन कोई भी ठोस कार्रवाई पंजाब पुलिस ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि कानपुर के उप-पुलिस महानिरीक्षक हरे राम शर्मा ने पंजाब पुलिस के अधिकारियों से बात की है। पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने कालेज प्रशासन और दोषी छात्रों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications