हरियाणा में लिंग जांच करने वाले चिकित्सकों पर गाज गिरी
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री करतार देवी ने शुक्रवार को कहा कि लिंग जांच करने वाले दो चिकित्सकों के नाम राज्य चिकित्सा परिषद की सूची से पांच वर्षो के लिए हटा दिए गए हैं। इसके अलावा अन्य 13 चिकित्सक और उनके सहयोगी 'प्री-नाटाल डॉयग्नोस्टीक टेक्नीक्स' (पीएनडीटी) कानून के तहत दोषी पाए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, "यह कार्रवाई मादा भ्रूण हत्या के खिलाफ की जा रही है।" स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार एक मामला 'मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेगनेंसी' (एमटीपी) कानून के तहत भी दर्ज किया गया है।
मंत्री ने कहा कि 114 अल्ट्रासाउंड मशीनें जब्त और सील की गई वहीं 245 अल्ट्रासाउंड सेंटर का पंजीयन रद्द कर दिया गया। राज्य में लगभग 42,000 पंजीकृत अल्ट्रासाउंड सेंटर हैं।
उल्लेखनीय है कि लिंगानुपात के मामले में हरियाणा की स्थिति सबसे खराब है। यहां प्रति 1,000 पुरुषों पर महिलाओं की संख्या केवल 819 है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications