ईरान में राष्ट्रपति चुनाव में रिकार्ड मतदान की संभावना
तेहरान, 12 जून (आईएएनएस)। ईरान में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए शुक्रवार को हो रहे मतदान के दौरान मतदाताओं की भारी भीड़ देखी गई।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार राजधानी तेहरान में मतदान स्थानीय समय के अनुसार सुबह आठ बजे शुरु हुआ। मतदान शुरु होने से पहले ही यहां के मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें लग गईं।
मतदाताओं की इतनी बड़ी ईरानी गृहमंत्रालय के इस अनुमान को सही ठहराती है जिसमें कहा गया था कि राष्ट्रपति पद के लिए हो रहे इस बार के चुनावों में रिकार्ड मतदान होगा।
ईरान की सात करोड़ चार लाख की आबादी में से चार करोड़ 62 लाख मतदाता हैं। इन चुनावों में राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद के अलावा मीर हुसैन मुसवी, मेहदी करोबी और मोहसिन रेजाइ भी चुनाव मैदान में हैं।
चुनाव सर्वेक्षणों में मुसवी प्रबल दावेदार बनकर उभरे हैं। मतदान स्थानीय समय के अनुसार शाम छह बजे तक होगा लेकिन इसे चार घंटे तक बढ़ाया जा सकता है।
देश भर में 45,713 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और विदेशों में रह रहे ईरानियों के लिए 304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 32 केंद्र अमेरिका में हैं।
गृहमंत्रालय के अनुसार चुनाव परिणाम शनिवार को घोषित किए जाएंगे। यदि मतगणना के पहले दौर में चारों उम्मीदवारों में से किसी एक को भी पूर्ण बहुमत नहीं मिला तो 19 जून को दोबारा चुनाव कराए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications