लापता परमाणु वैज्ञानिक का अब तक कोई सुराग नहीं
बेंगलुरू, 12 जून (आईएएनएस)। कर्नाटक के कैगा परमाणु संयंत्र में कार्यरत वरिष्ठ वैज्ञानिक एल. महालिंगम के बारे में पुलिस अब तक कोई सुराग नहीं लगा सकी है। महालिंगम सोमवार से लापता हैं।
उत्तरी कन्नड़ जिले के पुलिस अधीक्षक रमन गुप्ता ने आईएएनएस को बताया, "हमें लापता वज्ञानिक के बारे में अब तक कोई विश्वसनीय सुराग नहीं मिला है। अभियान जारी है और उम्मीद है कि जल्द ही कुछ सकारात्मक प्रगति होगी।"
महालिंगम की तलाश के लिए गुरुवार को विशेष खोजी दल गठित किया गया था। कैगा 1,000 एकड़ में फैले मल्लापुर जंगल से घिरा है और इसी जगह पुलिस अपना खोजी अभियान चला रही है।
गुप्ता ने कहा, "हम वैज्ञानिक तक पहुंचने के लिए हर कोशिश कर रहे हैं लेकिन इलाके की भौगोलिक स्थिति हमारे आड़े आ रही है।"
गौरतलब है कि 47 वर्षीय महालिंगम सोमवार सुबह टहलने के लिए निकले थे लेकिन वह वापस घर नहीं लौटे। उसी दिन शाम में उनकी पत्नी ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। महालिंगम पिछले 10 वर्ष से इस संयंत्र में कार्यरत हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications