झारखंड: राज्यसभा चुनाव में जीत की कुंजी राजद, जद (यु) के पास
रांची, 12 जून (आईएएनएस)। झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए आगामी 20 जून को होने वाले उपचुनाव में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत व हार की कुंजी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जनता दल (युनाइटेड) के हाथों में होगी। बहरहाल, दोनों दलों ने अपने-अपने पत्ते अभी तक नहीं खोले हैं।
राजद, कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से नाराज है। वजह है कि लोकसभा चुनाव में दोनों दलों राजद को अकेला छोड़ दिया था।
उधर, जद (यु) की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से नाराजगी इस बात को लेकर है कि उसने लोकसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ काम किया था।
भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए अजय मारू और अनूप अग्रवाल को अपना उम्मीदवार बनाया है। संप्रग की ओर से कांग्रेस ने धीरज साहू और झामुमो ने पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन के बेटे हेमंत सोरेन को उम्मीदवार बनाया है। संप्रग के दोनों उम्मीदवारों को जीत के लिए राजद का समर्थन जरूरी है।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "उम्मीदवारों के नाम तय करने से पहले न तो कांग्रेस ने और न ही झामुमो ने हमसे विचार-विमर्श किया। पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद जो भी आदेश देंगे हम उसके अनुरूप अपना रुख तय करेंगे।"
जद (यु) ने भी साफ कर दिया है कि जरूरी नहीं कि राज्यसभा चुनाव में वह भाजपा उम्मीवारों का समर्थन करे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications