स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए भारत तैयार : आजाद
नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद का कहना है कि भारत स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए हर स्तर पर तैयार है और इसको लेकर चिंता की कोई बात नहीं है।
इस बीमारी के महामारी घोषित होने के एक दिन बाद शुक्रवार को आजाद ने संवाददाताओं से कहा, "चिंता करने या घबराने की कोई जरूरत नहीं है। हम राज्य, जिले और प्रखंड, हर स्तर पर तैयार हैं। हमारे पास दवाओं का पर्याप्त भंडार है।"
भारत में अब तक स्वाइन फ्लू के 16 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, "देश की जनसंख्या की दृष्टि से स्वाइन फ्लू के मामलों की संख्या बहुत कम है और यह बीमारी स्थानीय स्तर पर नहीं पनपी है। सभी मामले बाहर से आए हैं।"
तैयारियों के बारे में आजाद ने कहा, "16 और प्रयोगशालाओं को सक्रिय किया जा रहा है। स्वाइन फ्लू की दवा टैमीफ्लू की 10 लाख खुराकें रखी गई हैं और त्वरित कार्रवाई दल राज्य स्तर पर तैयार किए जा रहे हैं।"
गौरतलब है कि स्वाइन फ्लू को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने गुरुवार को महामारी घोषित कर दिया। यह बीमारी ने 74 देशों में अब तक 28,774 लोगों को अपनी चपेट में ले चुकी है। इससे 144 लोगों की मौत भी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications