मुंबई हमलों के महीनों बाद भी समुद्री सुरक्षा सलाहकार की नियुक्ति नहीं
नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। मुंबई में हुए आतंकवादी हमले के ऐन बाद सरकार ने घोषणा की थी कि देश में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बिठाने के वास्ते एक समुद्री सुरक्षा सलाहकार (एमएसए) की नियुक्ति होगी। लेकिन महीनों बाद भी इसकी घोषणा नहीं की जा सकी है।
नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "एमएसए की नियुक्ति की घोषणा अब तक नहीं की गई है। इतना ही नहीं एमएसए के कामकाज का खाका तक तैयार नहीं किया गया है।"
मंबई हमले के बाद समुद्री सुरक्षा की खामी उजागर हुई थी क्योंकि हमला करने वाले आतंकवादी पाकिस्तान से समुद्री रास्ते से ही भारत में दाखिल हुए थे।
अधिकारी ने कहा, "एमएसए को क्षेत्र का ज्ञान होना चाहिए और दूसरी बात यह तय हो कि वह कहां से अपना काम संचालित करेंगे। एक मंत्रालय से दूसरे मंत्रालय के चक्कर लगाने से अच्छा है कि एमएसए को संस्थागत अधिकार दिए जाएं।"
गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर हुए आतंकवादी हमलों में 170 से अधिक लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications