मुद्रास्फीति की दर घटकर 0.13 प्रतिशत हुई
मुंबई, 11 जून (आईएएनएस)। देश में मुद्रास्फीति की दर गत 30 मई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान घटकर 0.13 फीसदी रह गई। इससे पिछले सप्ताह यह दर 0.48 फीसदी थी।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित आंकड़ों के मुताबिक सभी कमोडिटीज के सूचकांक में 0.1 फीसदी की बढ़त आई। ऐसा प्राथमिक वस्तुओं और विभिन्न विनिर्मित उत्पादों के सूचकांक में वृद्धि की वजह से हुआ।
प्राथमिक वस्तुओं के सूचकांक में 0.4 फीसदी का इजाफा हुआ जबकि ईंधन, बिजली और विनिर्मित वस्तुओं के सूचकांक अपरिवर्तित रहे।
यद्यपि इस दौरान विनिर्मित वस्तुओं के सूचकांक में खाद्य उत्पादों, कागज और गैर धातु खनिजों के सूचकांक में वृद्धि हुई। जबकि वस्त्र, रबर, प्लास्टिक उत्पाद, धातु और मशीनरी उपकरणों के सूचकांक में गिरावट आई।
गत चार अप्रैल को समाप्त हुए सप्ताह के अंतिम आंकड़ों के मुताबिक वार्षिक मुद्रास्फीति की वास्तविक दर 0.83 फीसदी रही जबकि पहले इसके 0.18 फीसदी होने की बात कही गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications