राजद में अधिक संख्या में युवकों को शामिल किया जायेगा : लालू
पटना, 11 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष एवं पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद ने गुरुवार को कहा कि राजद को और मजबूत बनाया जायेगा तथा अधिक से अधिक संख्या में युवकों को इसमें शामिल करने की कोशिश की जाएगी।
पटना में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए लालू ने कहा कि राजद संगठन को अब मजबूत बनाने की जरूरत है, जिसमें सभी लोगों की भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि राजद में कोई फूट या टूट नहीं है लेकिन उन्होंने कार्यकर्ताओं को चेताते हुए कहा कि जिनको जहां जाना हो जा सकते हैं।
पूर्व रेल मंत्री ने कहा कि व्यक्ति से बड़ा दल होता है तथा कार्यकर्ताओं को दूसरे दल में जाने से नहीं रोका जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए कहा कि राजनीति में अच्छा और बुरा समय आता रहता है। उन्होंने कहा कि राजद में 18 से 35 वर्ष के लोगों को ज्यादा से ज्यादा शामिल किया जाएगा।
लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद आयोजित राजद के इस कार्यकर्ता सम्मेलन में सांसदों, विधायकों तथा पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया तथा हार के कारणों की समीक्षा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications