स्वाइन फ्लू: देश में 2 नए मामले, मरीजों की संख्या 14 हुई (लीड-1)
दिल्ली में एक 41 वर्षीय महिला की जांच रिपोर्ट सकारात्मक रही है। वह विगत पांच जून को न्यूयार्क से लौटी थी। इसी तरह लंदन से गोवा पहुंचे एक व्यक्ति के भी इस बीमारी की चपेट में आने की पुष्टि हो चुकी है।
दिल्ली में राम मनोहर लोहिया अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एन. के. चतुर्वेदी ने आईएएनएस को बताया, "महिला को विगत छह जून को अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसकी जांच रिपोर्ट गुरुवार को आई जिसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।"
राष्ट्रीय संचारी रोग संस्थान (एनआईसीडी) के एक अधिकारी ने बताया, "अब तक 12 मामलों की पुष्टि हुई है। इसके अलावा गोवा और दिल्ली से एक-एक मामले की खबर है। हम इनकी फिर से पुष्टि कर रहे हैं।"
उधर, गोवा के स्वास्थ्य सचिव संजीव श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया, "जर्मनी होते हुए लंदन से गोवा पहुंचे एक व्यक्ति में स्वाइन फ्लू की पुष्टि बुधवार को हुई। इस मरीज को चिकालिम कॉटेज अस्पताल में एक अलग वार्ड में रखा गया है।"
एक अन्य 21 वर्षीय युवक में इस बीमारी के लक्षण दिखने के बाद उसे गोवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। यह युवक शारजाह से गोवा पहुंचा था।
राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया, "इस व्यक्ति के रक्त नमूनों को जांच के लिए राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान भेज दिया गया है।"
गौरतलब है कि स्वाइन फ्लू ने 74 देशों में अब तक 27,737 लोगों को अपनी चपेट में ले चुकी है। इस बीमारी से अब तक 141 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*