एक व्यक्ति पर माता-पिता और पत्नी की हत्या का आरोप
रायसेन जिले के देवरी कस्बे में बृजभूषण दुबे (65 वर्ष) उनकी पत्नी गायत्री देवी (60 वर्ष) और पुत्रवधू पुष्पा देवी (35 वर्ष) की सोमवार रात धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड की वजह लूट मानी जा रही थी। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद पाया कि इस तिहरे हत्याकांडा को अंजाम देने वाला पुष्पा का पति चंद्रशेखर है।
देवरी थाने के प्रभारी राजेश तिवारी ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया है कि चंद्रशेखर की शादी को 15 साल हो गए थे लेकिन उसे कोई संतान नहीं थी। इसी बात को लेकर चंद्रशेखर का अपनी पत्नी पुष्पा से विवाद होता रहता था। वह पहले सिर्फ पुष्पा को मारना चाहता था लेकिन उसे अपने बुजुर्ग माता-पिता की चिंता थी। इसीलिए उसने तीनों की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम भी दिया।
पुलिस की पूछताछ में चंद्रशेखर ने हत्या की बात को स्वीकार किया है। थाना प्रभारी के मुताबिक चंद्रशेखर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications