दिल्ली धमाके के अभियुक्त की अदालत में होगी पेशी
दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा के उपायुक्त आलोक कुमार ने आईएएनएस से कहा, "गत वर्ष 13 सितंबर को हुए विस्फोटों के बारे में पूछताछ के लिए गुरुवार को अकबर इस्माइल चौधरी को ट्रांजिट रिमांड पर हैदराबाद से यहां लाया गया। उसे आज तीस हजारी अदालत में पेश किया जाएगा। पूछताछ के लिए हम उसे हिरासत में रखना चाहते हैं।"
चौधरी को करोलबाग धमाके में संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार वह महमूद मंसूर अशहर का साथी है, जो कथित रूप में आईएम के मीडिया सेल का मुखिया है। महमूद ने ही विस्फोट की जिम्मेदारी लेने संबंधी ई-मेल मीडिया को भेजा था।
चौधरी और आईएम के तीन अन्य सदस्यों को महाराष्ट्र की आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने पिछले वर्ष गिरफ्तार किया था। हैदराबाद में वर्ष 2007 में हुए दोहरे विस्फोटों में भी उसे संदिग्ध माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि 13 सितंबर 2008 को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में छह धमाके हुए थे, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications