समय पर क़दम उठाना चाहिए थाः मैकार्थी

भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त जॉन मैकार्थी ने कहा है कि अगर समय रहते क़दम उठा लिया गया होता तो छात्रों पर हमलों का मामला तूल न पकड़ता. बीबीसी हिंदी के कार्यक्रम 'आजकल' में शामिल हुए मैकार्थी ने कहा, "कई बातें हैं जिनके बारे में घटना हो जाने के बाद सोचना आसान होता है. हमें ये देखना चाहिए था कि छात्रों के कल्याण के लिए काम करने वाली संस्थाएँ और क़दम उठाएँ. अगर वे समय पर क़दम उठा लेतीं तो मामला इतना तूल न पकड़ता."
मगर जब उनसे ये पूछा गया कि क्या इसका मतलब ये है कि ग़लती भारतीय छात्रों की थी तो मैकार्थी ने कहा, "मैं भारतीय छात्रों को दोष नहीं दे रहा हूँ. ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई की शुरुआत से पहले छात्रों को बेहतर सलाह मिलनी चाहिए और इस प्रक्रिया को बेहतर बनाया जा रहा है."उनका कहना था कि इसके साथ ही छात्रों की सुरक्षा के लिए बेहतर पुलिस व्यवस्था की भी ज़रूरत पर ध्यान दिया जा रहा है.
ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर हमले का मामला और हिंसक होता जा रहा है. भारतीय छात्रों पर हमलों के बाद अब भारतीय छात्रों की ओर से कुछ जवाबी कार्रवाई की भी ख़बरें आई हैं. इनके मुताबिक़ मेलबर्न शहर में कुछ भारतीय छात्रों ने नस्लवादी टिप्पणी सुनने के बाद एक व्यक्ति को चाकू मार दिया था और उसकी कार में आग लगा दी थी.
संयम की अपील
सिडनी में छात्रों ने हमलों के विरुद्ध प्रदर्शन भी किया था. इस तरह की घटनाओं के सामने आने के बाद भारतीय विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि भारतीय छात्रों को धैर्य और संयम बनाए रखना चाहिए. इसके अलावा भारतीय प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने भी इस मसले पर संसद में बयान दिया था.
उन्होंने इस मौक़े पर कहा था, "ऑस्ट्रेलिया में जो हमले हो रहे हैं, जिनमें से कुछ नस्लवादी हमले हैं उनसे मैं क्षुब्ध हूँ. मैं ऑस्ट्रेलियाई शासन से उच्च स्तर पर बातचीत करने का प्रस्ताव रखता हूँ." उधर ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त जॉन मैकार्थी से जब पूछा गया कि ऑस्ट्रेलियाई पुलिस कुछ समय पहले तक इन हमलों को नस्लवादी हमले मानने के लिए ही तैयार नहीं थी तो मैकार्थी ने कहा, "हम काफ़ी पहले से इस तरह के संकेत दे रहे थे कि कुछ हमलों के पीछे नस्लवाद हो सकता है."
मगर पुलिस के साथ सहमति जताते हुए उन्होंने कहा, "मैं पुलिस की इस बात से सहमत हूँ कि ज़्यादातर हमले गुंडागर्दी और अपराधी हरकतें ही थीं. मगर मैं यह संदेश देना ज़रूर चाहूँगा कि ऑस्ट्रेलिया सरकार हर स्तर पर इस तरह के हमलों को रोकने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है."


Click it and Unblock the Notifications