मिड-डे मील में सांप, 70 बच्चे बीमार

धनबाद जिले के एक सरकारी स्कूल में पकाए गए मिड डे मील के साथ जहरीला सांप भी पक गया और फिर वही खाना स्कूल के बच्चों को परोस दिया गया। जिसे खाकर स्कूल के 70 बच्चे बीमार हो गए। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्कूल में दुपहर का खाना खाने के बाद बच्चों ने उलटी करनी शुरू कर दी और पेट दर्द की शिकायत करने लगे। बीमार बच्चों को ट्रैक्टरों और दूसरी गाडि़यों से धनबाद लाया गया। करीब 70 बच्चों को वहां पाटलिपुत्र मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इनमें 10 की हालत गंभीर बताई गई। जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि स्कूली बच्चों को खाना परोसते वक्त उसमें सांप पाया गया।
जिस स्कूल में यह घटना हुई उसमें 350 बच्चे पढ़ते हैं। बीमार पड़े बच्चों में ज्यादातर की उम्र पांच से 12 साल के बीच है। घटना के बाद से स्कूल का प्रिंसिपल फरार है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उसने खाने का सैंपल लेने के लिए स्कूल में एक टीम भेजी है।


Click it and Unblock the Notifications