वायु सेना का परिवहन विमान लापता, दुर्घटना की आशंका (लीड-1)
आईएएफ अधिकारियों ने विमान के लापता होने की घोषणा की है। अधिकारियों ने कहा है कि राडार स्क्रीन से विमान के गायब होने के आठ घंटे तक यानी रात 10 बजे तक विमान से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। अधिकारियों को आशंका है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हो चु़का है।
अधिकारियों ने कहा कि विमान के लिए तलाशी अभियान रात होने के कारण स्थगित कर दिया गया है। यह अभियान अब बुधवार को सुबह शुरू किया जाएगा।
आईएएफ के एक प्रवक्ता ने यहां कहा कि विमान अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम सियांग जिले में मेचुका से उड़ान भरने के बाद अपराह्न् लगभग दो बजे लापता हो गया।
प्रवक्ता विंग कमांडर रंजीत साहू ने आईएएनएस को बताया, "मेचुका से उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद विमान लापता हो गया और उसके बारे में अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। विमान में दो पायलटों सहित 12 रक्षा कर्मी सवार थे।"
पूर्वी क्षेत्र के लिए रक्षा मंत्रालय के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विंग कमांडर महेश उपासनी ने आईएएनएस को कोलकाता से फोन पर बताया, "विमान एक नियमित निगरानी मिशन से लौट रहा था और खराब मौसम के कारण वह लापता हो गया।"
उपासनी ने कहा कि विमान पर सवार 12 रक्षा कर्मियों में दो पायलट, एक नेविगेटर, चालक दल के तीन सदस्य और सेना के छह जवान शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications