मप्र में मत्स्य उत्पादों का कारोबार आधुनिक अंदाज में
मछलीपालन मंत्री कुसमारिया ने बुधवार को मध्य प्रदेश के पहले वातानुकूलित मत्स्य विक्रय केन्द्र का भोपाल में शुभारंभ करते हुए कहा कि मछली उत्पादन के क्षेत्र में असीम संभावनाए हैं। इस बात को ध्यान में रखकर मछुआरों की सहकारी समितियों के जरिए मत्स्य उत्पाद के उच्चतम लक्ष्य को हासिल किया जाना चाहिए। उन्होंने मछली पकड़ने के लिए मछुआरों को बेहतर उपकरण उपलब्ध कराने की भी जरूरत बताई।
कृषि उत्पादन आयुक्त रंजना चौधरी ने बताया कि मध्य प्रदेश मत्स्य महासंघ भोपाल की ही तरह प्रदेश के प्रमुख शहरों में मत्स्य विक्रय केन्द्र की श्रंखला शुरू करेगा। महासंघ की प्रधान संचालक कंचन जैन ने बताया कि विक्रय केन्द्रों से ताजा और निर्धारित सस्ती दरों पर मछली उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाएगी साथ ही मछली से बने विभिन्न व्यंजन भी उपलब्ध रहेंगे। इन केन्द्रों से रंगीन मछलियां, एक्वेरियम आदि भी मिलेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications