दुर्घटनाग्रस्त एयर फ्रांस विमान के 41 यात्रियों के शव बरामद (लीड-2)
उधर फ्रांस की विमानन कंपनी एयर फ्रांस ने एयरबस के ए330 और ए340 श्रेणी के विमानों में लगे तीन गतिमापी सेंसरों में से दो को बदल दिया है। तीसरे सेंसर को 10 दिनों के भीतर बदल दिया जाएगा। हालांकि एयर फ्रांस की ओर से इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है।
एयर फ्रांस का विमान गत एक जून को रियो डी जनेरियो से पेरिस जाते समय दुर्घटनाग्रस्त होकर अटलांटिक महासागर में समा गया था। खराब मौसम के कारण बचाव कार्य में काफी व्यवधान आ रहा है यही वजह है कि हादसे के कई दिन गुजरने के बाद भी उसके कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
पिछले सप्ताह समुद्र से बरामद किए गए 16 शव फर्नेडो डी नोरोनहा द्वीप पर लाए गए हैं। वहां से इन्हें ब्राजील के मुख्य हिस्से में ले जाया जाएगा जहां ब्राजील और फ्रांस के फोरेंसिक विशेषज्ञ उनका परीक्षण करेंगे।
ब्राजील के नागरिक उड्डयन विभाग के प्रवक्ता ब्रिगेडियर रमन कार्दोसा ने बताया कि शवों की तलाश को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस बीच समाचार एजेंसी डीपीए ने फ्रांसीसी समाचार पत्र 'ला ट्रिब्यून' के हवाले से खबर दी कि हर विमान के तीन पायलट ट्यूबों में से दो को बुधवार सुबह बदल दिया गया क्योंकि कर्मचारी संगठनों ने विमान चालकों से आह्वान किया था कि वे बदलाव होने तक विमान का परिचालन रोक दें।
गौरतलब है कि एयर फ्रांस का एक विमान विगत एक जून को रियो डी जनेरियो से पेरिस के लिए उड़ान भरने के बाद अटलांटिक महासागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें 216 यात्री और चालक दल के 12 लोग सवार थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications