भारतीय मूल के सांसद ब्रिटिश संसद का स्पीकर बनने की दौड़ में
लंदन, 10 जून (आईएएनएस)। भारतीय मूल के सांसद व पूर्व मंत्री परमजीत ढंढा ब्रिटिश संसद 'हाउस ऑफ कॉमंस' का स्पीकर बनने की दौड़ में शामिल हो गए हैं।
ढंढा यदि स्पीकर का चुनाव जीत जाते हैं तो वह पहले ऐसे ब्रिटिश स्पीकर होंगे जो किसी जातीय अल्पसंख्यक समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। आगामी 22 जून को स्पीकर का निर्वाचन होना है।
ढंढा ने सभी सांसदों को ई-मेल के जरिए कहा है, "नया स्पीकर आधुनिक ब्रिटेन और संसद के बीच का इंटरफेस होना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "संसद संकट में है। कुछ दिनों पहले ही हमने ब्रिटिश नेशनल पार्टी (बीएनपी) के दो सांसदों का यूरोपियन संसद में चुनाव देखा लेकिन मैं नहीं मानता कि ब्रिटिश जनता नस्लवाद पर यकीन रखती है।"
सांसदों को भेजे गए अपने ई-मेल में ढंढा ने लिख है, "मौजूदा चुनौतियों को देखते हुए आज एक ऐसे स्पीकर की जरूरत है जो सक्षम हो और आधुनिक ब्रिटेन को जरूरतों को समझता हो।"
उन्होंने स्वीकार किया, "मैं इस पद के सर्वसम्मत पसंद नहीं हूं लेकिन मैं जानता हूं कि कोई ब्रिटिश जनता के हक के लिए लड़ने वाला व्यक्ति ही स्पीकर बनेगा। मैं इस दौड़ में जरूर रहूंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications