आतंकवाद का खात्मा अहिंसा से ही संभव - दलाई लामा
इन्दौर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए दलाई लामा ने बुधवार को यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आतंकवाद को खत्म करने के लिए अहिंसा और प्रेम का सहारा लिया जाना चाहिए, क्योंकि दुनिया को अहिंसा से ही जीता जा सकता है। उन्होंने अमेरिका द्वारा अफगानिस्तान के आतंकवाद को खत्म करने के लिए अपनाए गए युद्घ के रास्ते को गलत बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने अफगानिस्तान के आतंकवाद को खत्म करने की कोशिश में पाकिस्तान को अफगानिस्तान बना दिया है।
बौद्घ धर्मगुरु ने बताया कि उन्होंने एक बार अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू बुश को खत भी लिखा था जिसमें उन्होंने कहा था कि आतंकवाद को युद्घ से नहीं बल्कि अहिंसा से ही खत्म किया जा सकता है।
दलाई लामा ने आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर हो रहे हमलों की निन्दा की और कहा कि इन हमलों के आधार पर पूरे राष्ट्र को नस्लवादी नहीं कहा जा सकता। चीन द्वारा तिब्बत तक रेल लाइन बिछाए जाने को दलाई लामा ने एक अच्छा कदम बताया मगर साथ ही यह भी कहा कि तिब्बत पूरी तरह स्वायत्तशासी है और किसी के अधीन नहीं है।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत की नई सरकार से उन्हें काफी उम्मीदें है मगर वे यह भी जानते है कि हर व्यक्ति की अपनी सीमाएं होती है जिसके भीतर रहकर ही वह काम कर सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications