पाकिस्तान में 70 से ज्यादा तालिबानी ढेर
इस्लामाबाद, 10 जून (आईएएनएस)।पाकिस्तान में पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के तीन जिलों में तालिबान के खिलाफ महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करने के बाद सेना ने बन्नू जिले में एक और मोर्चा खोल दिया है जहां पिछल्ले दो दिन के संघर्ष में 70 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए हैं।
'जियो टीवी' ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि बन्नू के बाका खेल और जानी खेल क्षेत्रों में पिछले दो दिनों के संघर्ष में 70 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए हैं।
सुरक्षा बल बन्नू में गश्त लगा रहे हैं जबकि लड़ाकू हेलीकाप्टरोंऔर तोपों से आतंकवादियों के ठिकानों पर गोलाबारी की जा रही है। बन्नू शहर में दूसरे दिन लगातार कर्फ्यू जारी रहा।
सुरक्षा बलों को मंगलवार को स्वात के तालिबानी कमांडर फजलुल्लाह का प्योचर घाटी के इमाम डेहरी स्थित मुख्यालय उड़ाकर बड़ी कामयाबी मिली। हमले में इमारत पूरी तरह ध्वस्त हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस इमारत का इस्तेमाल क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए धन का इस्तेमाल करने और तालिबानियों द्वारा बंधक बनाए जाने वाले लोगों को रखने में किया जाता था।
पाकिस्तानी सेना ने 26 अप्रैल को तालिबानी आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई शुरु की थी। कार्रवाई निचले दीर में शुरु हुई थी और उसके बाद बुनेर, स्वात और बन्नू में फैल गई।
पाकिस्तानी सेना का अनुमान है कि इस कार्रवाई में 1400 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और 110 सुरक्षाकर्मियों को भी जान गंवानी पड़ी है। इस अभियान की वजह से यहां बड़ी संख्या में लोग विस्थापित भी हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications