समान अवसर आयोग जल्द ही गठित होगा : खुर्शीद
नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सलमान खुर्शीद का कहना है कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के 100 दिनों के कार्यकाल के भीतर समान अवसर आयोग का गठन कर लिया जाएगा।
खुर्शीद ने आईएएनएस से एक विशेष साक्षात्कार में कहा, "समान अवसर आयोग के गठन के पीछे एक बड़ा विचार और व्यापक दृष्टिकोण है ताकि देश के नागरिकों में यह भाव पैदा हो कि उनके पास एक समान अधिकार है और राष्ट्रीय संपत्ति में वह भी बराबर के हिस्सेदार हैं।"
उन्होंने कहा, "आयोग को वैधानिक दर्जा प्राप्त होगा। यह एक ऐसा मंच होगा जहां लोगों को यदि ऐसा महसूस होता है कि उनके साथ जाति, लिंग, भाषा और जन्मस्थान के आधार पर भेदभाव हो रहा है, तो वे इस आयोग में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।"
खुर्शीद ने कहा कि आयोग का दायरा सिर्फ अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्गो के लोगों तक के लिए ही सीमित नहीं रहेगा बल्कि समाज के सभी वर्गो के लिए आयोग के दरवाजे खुले रहेंगे।
उन्होंने कहा कि यह आयोग दंतविहीन नहीं होगा बल्कि इसके पास दीवानी अदालत के समानांतर शक्ति होगी और वह चाहे तो किसी मामले की जांच कर सकता है और अपने दिशानिर्देशों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी कर सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित आयोग में एक अध्यक्ष और दो उपाध्यक्ष होंगे। समाज के विभिन्न वर्गो के गणमान्य व्यक्तियों को इन पदों पर बिठाया जाएगा। देशभर में इस आयोग की क्षेत्रीय शाखाएं भी होंगी।
यह पूछे जाने पर कि इस आयोग का गठन कब तक हो जाएगा और क्या सरकार ने इसके लिए कोई समय-सीमा तय की है, खुर्शीद ने कहा, "जल्द से जल्द इस आयोग का गठन किया जाएगा। सरकार के 100 दिनों के कार्यकाल के भीतर इसके लिए प्राथमिकता के आधार पर काम होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications