टाटा टेलीसर्विसिज ने की जीएसएम सेवा की शुरुआत (लीड-1)
नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। देश की प्रमुख दूरसंचार कंपनी टाटा टेलीसर्विसिज ने बुधवार को टाटा डो को मो ब्रांड के तहत जीएसएम आधारित मोबाइल सेवाओं की शुरुआत की।
इस कंपनी में जापान की एनटीटी डो को मो की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी ने कहा है कि वह सेवाओं का अखिल भारतीय स्तर पर विस्तार करने में 9,450 करोड़ रुपयों का निवेश करेगी।
एनटीटी डो को मो के वैश्विक व्यापार विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक तोशीनारी कुनिएदा इसकी शुरुआत के अवसर पर संवाददाताओं को बताया, "जापान में हम जिन विविध प्रकार की सेवाओं और उत्पादों की पेशकश करते हैं, उन्हें हम भारत लाएंगे।"
टाटा को 22 टेलीकॉम सर्किल्स में से 18 के लिए जीएसएम स्पैक्ट्रम मिला है। कंपनी ने घोषणा की है कि जीएसएम ऑपरेशंस जून के आखिर में दक्षिण भारत से व्यावसायिक रूप से लांच किए जाएंगे। साल के आखिर तक टाटा जीएसएम प्लेटफार्म पर अपनी सेवाओं का विस्तार देशभर में करेगा।
टाटा टेलीसर्विसिज ने एनटीटी डो को मो के साथ नवंबर 2008 में करार किया था। इस करार के तहत जापानी कंपनी को 2.7 अरब डॉलर में 26 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की थी।
टाटा टेलीसर्विसिज के प्रबंध निदेशक अनिल सरदाना ने मार्च में जारी बयान में कहा था,"भारतीय बाजार और हमारे उपभोक्ताओं को जल्द ही विभिन्न उत्पादों और सेवाओं के लाभ उठाने का मौका मिलेगा। इनकी पेशकश हम डो को मो के साथ जुड़कर कर सकेंगे।"
टाटा सर्विसिज को विकास मूल्य वर्धित सेवाओं में डो को मो की विशेषज्ञता का लाभ उठाने का मौका मिलेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications