चीन की आर्थिक वृद्धि से सुधर सकते हैं वैश्विक हालात : विश्व बैंक
मांट्रियल, 9 जून (आईएएनएस)। विश्व बैंक के अध्यक्ष राबर्ट जोलिक ने सोमवार को कहा कि चीनी अर्थव्यवस्था में मजबूत वापसी की संभावना है,जिससे विश्व की अर्थव्यवस्था को मंदी से निकालने में सहायता मिलेगी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार मांट्रियल में अमेरिका के आर्थिक फोरम के चार दिवसीय सम्मेलन के दौरान एक प्रश्नोत्तर सत्र में जोलिक ने यह टिप्पणी की।
उन्होंने कहा कि वैश्विक मंदी के बावजूद अमेरिका के बाद चीन दूसरा सबसे बड़ा राहत पैकेज जारी करने में सक्षम है। पहली तिमाही में चीन की स्थिति आशा से बेहतर है।
उन्होंने कहा कि चीन की वापसी बिना खतरे के नहीं है लेकिन लंबे समय में यह न केवल दुनिया की अर्थव्यवस्था की एक स्थिर ताकत बनेगा वरन दुनिया की अर्थव्यवस्था को मंदी से बाहर निकालने में भी मदद देगा।
जोलिक ने चीन की मुद्रा को और अधिक वैश्विक बनाने के प्रयास का स्वागत किया। चीन सरकार के अपनी मुद्रा के संबंध में जोड़ तोड़ करने संबंधी पिछली चिंताओं के बारे में उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि अमेरिका और चीन अपने मतभेदों को सुलझा लें।
अपने भाषण से पहले जारी एक बयान में जोलिक ने कहा कि जहां वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुधार के चिह्न् दिखार्द दे रहे हैं वहीं संरक्षणवाद और मंदी के वापस लौटने का भी खतरा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications