एयर फ्रांस दुर्घटना : 24 यात्रियों के शव बरामद
यह जानकारी समाचार एजेंसी डीपीए ने ब्राजील के अधिकारियों के हवाले से दी। सोमवार को आठ शव बरामद किए गए।
मलबे और यात्रियों की तलाश में जुटे ब्राजील नौसेना और वायुसेना के दलों ने एयरबस 330-200 के मलबे के सैकड़ों छोटे-बड़े टुकड़े बरामद किए हैं। ये टुकड़े ब्राजील के सेंट पीटर और सेंट पॉल रॉक्स से करीब 440 किलोमीटर पूर्वोत्तर से बरामद किए गए।
छह जहाज और 14 विमान रात-दिन मलबे की तलाश में जुटे हुए हैं। जांच दलों को बैग, लैपटॉप, कैमरे, वीडियो कैमरे, सीटें और प्लाटिक फिटिंग्स बरामद हो रही हैं जिन पर एयर फ्रांस लिखा है।
मलबा समुद्र में 3000 मीटर से ज्यादा की गहराई पर है और विशेषज्ञों का मानना है कि ब्लैक बॉक्स मिलने की संभावना नहीं के बराबर है।
बरामद किए गए शवों की फर्नेडो डी नोरोन्हा में शुरुआती जांच की जा रही है। जांच के बाद उन्हें रेसिफ भेजा जाएगा जहां इनकी शिनाख्त होगी।
विमान में सवार सभी लोगों के निकट संबंधियों को बाल और रक्त के नमूने देने को कहा गया है ताकि डीएनए मिलाकर शिनाख्त का काम किया जा सके।
इस बीच फ्रांस के प्रधानमंत्री फ्रेंकोसिस फिलॉन को पीड़ित परिवारों का दूत नियुक्त किया गया है। यह विमान पहली जून को ब्राजील के रियो डी जनेरियो से उड़ान भरने के बाद लापता हो गया था। इस विमान में चालक दल के सदस्यों समेत कुल 228 लोग सवार थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications