उत्तरी कोरिया ने दी मिसाइल हमले की धमकी
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सरकारी अखबार मिंजू चूजोन द्वारा प्रकाशित एक टिप्पणी में कहा गया है कि 25 मई को किए गए परमाणु परीक्षण को लेकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दंडित किए जाने की धमकी के कारण उत्तरी कोरिया में फिर से तनाव बढ़ गया है।
टिप्पणी में कहा गया है कि उत्तरी कोरिया द्वारा किया गया परमाणु परीक्षण कोरियाई प्रायद्वीप और आसपास के क्षेत्रों में स्थायित्व व शांति सुनिश्चित कराने के लिए एक शक्तिशाली रक्षात्मक उपाय है।
टिप्पणी में आगे कहा गया है, "यदि किसी ने भी हमारी संप्रभुता के साथ जरा भी छेड़छाड़ करने की कोशिश की तो ये परमाणु हथियार उसके ऊपर क्रूर हमले का एक साधन भी बनेंगे।"
दक्षिण कोरिया के पर्यवेक्षकों ने इस टिप्पणी को अंतराष्ट्रीय समुदाय द्वारा दंडित किए जाने की स्थिति में प्योंगयांग द्वारा रक्षात्मक उपाय अपनाए जाने की एक धमकी के रूप में लिया है।
उधर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद उत्तर कोरिया के खिलाफ प्रतिबंधों को और सख्त करने के एक मसौदे पर न्यूयार्क में बहस कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications