दोस्ताना रिश्तों के लिए पाक को माहौल बनाना पड़ेगा : मनमोहन (लीड-2)
संसद के संयुक्त अधिवेशन में हुए राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर दो दिनों तक चली चर्चा का लोकसभा में जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने भारत-पाक शांति वार्ता फिर से शुरू करने के संकेत दिए।
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के साथ शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कोशिश करना भारत के हित में हैं। लेकिन ताली एक हाथ से नहीं बजती है और पाकिस्तान को इसके लिए सकारात्मक माहौल बनाना पड़ेगा।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "संकेत अच्छे नहीं हैं लेकिन मुझे यकीन है कि पाकिस्तान सरकार ऐसा माहौल बनाएगी जिसमें हम अपनी इस सोच को सकारात्मक रुख दे सकें।"
उन्होंने कहा, "यदि पाकिस्तानी नेताओं में शांति की राह पर बढ़ने का साहस, दृढ़ निश्चय और राजनीतिक समझ है तो वे आगे बढ़ें, वे भी हमें पीछे नहीं पाएंगे।"
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सरकार को भारतीय हितों के खिलाफ अपनी धरती का इस्तेमाल रोकने तथा 'अतीत में ऐसे कृत्यों को अंजाम दे चुके लोगों के खिलाफ 'कड़ी और निरंतर कार्रवाई' करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि इन आतंकवादियों में पिछले साल नवंबर में मुंबई पर हमलों की साजिश रचने वाले भी शामिल हैं। इन हमलों में 170 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
प्रधानमंत्री ने कहा, "ऐसे कदमों का दोनों देशों की जनता स्वागत करेगी।" उन्होंने आशा व्यक्त की कि पाकिस्तान सरकार द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने के लिए जरूरी माहौल तैयार करेगी।
गौरतलब है कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के सत्ता लौटने के बाद पहली बार प्रधानमंत्री ने प्रमुख नीतिगत टिप्पणियां की हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications