शीतल मफतलाल को जमानत मिली
शीतल को सोमवार को महानगर दंडाधिकारी ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया था और उन्हें रात भायकला जेल में बितानी पड़ी। महानगर दंडाधिकारी की अदालत ने मंगलवार को शीतल को पांच लाख रुपये के मुचलके पर जमानत दे दी।
शीतल पर 18 लाख रुपये की कर चोरी का आरोप है। उन पर आरोप है कि उन्होंने सीमा शुल्क अधिकारियों को अपनी जेवरातों की जो कीमत बताई थी वह वास्तविक कीमत से बहुत कम थी।
अगली सुनवाई होने तक शीतल को स्थानीय पुलिस स्टेशन में सप्ताह में दो बार उपस्थिति दर्ज करनी होगी।
शीतल के पति अतुल्य मफतलाल ने दावा किया कि चूंकि शीतल अनिवासी भारतीय है इसलिए सीमा शुल्क कानून उस पर लागू नहीं होता। अतुल्य ने कहा कि वह कुछ ही समय के लिए भारत आए हैं और ज्वेलरी लेकर ब्रिटेन जाने की योजना बना रहे हैं।
शीतल को शनिवार को छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हिरासत में लिया गया था और फिर रविवार को सुबह उन्हें भारतीय सीमा शुल्क अधिनियम की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था। सोमवार दोपहर को उन्हें मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया था जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
शीतल मफतलाल के वकील सतीश मानशिंदे ने कहा कि कुछ शरारती तत्व बदले की भावना से हमें परेशान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून के मुताबिक अगर 30 लाख रुपये से कम की कर चोरी का मामला हो तो वह जमानती अपराध के दायरे में आता है।
उल्लेखनीय है कि सीमा शुल्क विभाग के मुंबई के अधिकारियों ने शीतल को सोने और हीरे के अघोषित जेवरातों के साथ पकड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications