भारत हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है : अमेरिका
वाशिंगटन, 9 जून (आईएएनएस)। ओबामा प्रशासन की ओर से कहा गया है कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत उसके लिए बहुत महत्वपूर्ण है और वह नई दिल्ली के साथ प्राथमिकताओं की एक रणनीतिक सूची के हिस्से के रूप में संबंधों को मजबूती प्रदान के लिए वाकई कड़ी मेहनत करेगा।
विदेश विभाग के प्रवक्ता इयान केली ने अमेरिका के एक शीर्ष राजनयिक के भारत दौरे के पूर्व सोमवार को संवाददाताओं से कहा था, "दुनिया का यह हिस्सा हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है"
ज्ञात हो कि अमेरिका के राजनीतिक मामलों के सहायक विदेश मंत्री विलियम बर्न्स मनमोहन सिंह की नई सरकार के साथ पहली उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बातचीत के लिए बुधवार से नई दिल्ली की यात्रा पर आ रहे हैं।
बर्न्स की भारत यात्रा के बारे में केली ने कहा कि विदेश विभाग के शीर्ष अधिकारी बर्न्स नियमित रूप से यात्रा और राय मशविरा करते रहते हैं। उन्होंने कहा, "मैं समझता हूं कि भारत के साथ एक व्यापक द्विपक्षीय एजेंडा तैयार होने जा रहा है। मैं समझता हूं कि बर्न्स की यह एक सामान्य यात्रा है, जहां वह भारतीय विदेश मंत्री के साथ राय मशविरा करेंगे।"
यह पूछे जाने पर कि क्या वे किसी भारतीय नेता के अमेरिका आने की भी उम्मीद करते हैं, इस पर केली ने कहा, "मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।"
भारत के महत्व के बारे में प्रवक्ता की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब एक दिन पहले ही विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने एबीसी समाचार चैनल को बताया था कि अमेरिका भारत के साथ संबंधों को मजबूती प्रदान करने के लिए वाकई कड़ी मेहनत करने जा रहा है।
क्लिंटन ने रविवार को कहा था, "आप जिस समस्या की कल्पना करेंगे, मैं उस पर अपना ढेर सारा समय खर्च करूंगी : वह चाहे अफगानिस्तान व पाकिस्तान हो या मध्य पूर्व व ईरान। लेकिन मैं प्राथमिकताओं की एक सूची तैयार करने के लिए भी काम कर रही हूं, जो हमारे प्रयासों को दिशा देगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications