कानपुर के महिला महाविद्यालयों में छात्राओं के जींस पहनने पर रोक
कानपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध शहर के दयानंद महिला महाविद्यालय, सेन बालिका महाविद्यालय, जौहरी महिला महाविद्यालय और आचार्य नरेंद्र देव महिला महाविद्यालय की हाल ही में हुई एक संयुक्त बैठक के बाद छात्राओं के महाविद्यालय परिसर में जींस पहनने पर रोक लगाने का फैसला किया गया।
दयानंद महाविद्यालय की प्राचार्या मीता जमाल ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि जिस तरह की कसी हुई जींस पहनकर लड़कियां कॉलेज आती हैं उन्हें देखकर गेट के बाहर लड़कों का मजमा लग जाता है, जिस कारण आए दिन छात्राओं के साथ छेड़खानी की घटनाएं सामने आती हैं।
जमाल ने कहा कि लगातार छेड़खानी की शिकायतों के बाद महाविद्यालय प्रशासन ने महाविद्यालय परिसर में छात्राओं के जींस पहनने पर रोक लगाने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन ने आज इस बारे में एक नोटिस जारी कर उसे सभी विभागों के बाहर लगे नोटिस बोर्ड पर लगवा दिया है।
जमाल ने कहा कि जल्द ही छात्राओं के लिए एक ड्रेस कोड लागू कर दिया जाएगा।
उधर, महाविद्यालयों के जींस पहनने पर रोक लगाने के तुगलकी फरमान से छात्राओं में नाराजगी है।
दयानंद कालेज की छात्रा निशा बाजवा कहती हैं कि जींस पहनने पर प्रतिबंध लगाने का फैसला पूरी तरह से गलत है। कॉलेज प्रशासन को छेड़खानी रोकने के पुलिस की मदद लेनी चाहिए।
उनके सुर में सुर मिलाते हुए सेन कालेज की विनीता शर्मा कहती हैं मिनी स्कर्ट और शार्ट टॉप पर रोक लगाने की बात तो समझ में आती है, लेकिन जींस पर रोक लगाना समझ से परे है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications