सूफी मुहम्मद का साथी गिरफ्तार
पेशावर, 9 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान सरकार और तालिबानी आतंकवादियों के बीच विवादास्पद शांति संधि की मध्यस्थता करने वाले कट्टरपंथी मौलवी सूफी मुहम्मद के एक और साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन अभी तक यह नहीं पता चल सका है कि सूफी इस समय कहां है।
इकबाल खान नाम का यह शख्स सूफी के तहरीक-ए-निजाफ-ए-शरियत-ए-मुहम्मदी (टीएनएसएम)संगठन का स्वात में प्रमुख है।
वर्ष 2001 में अफगान जेहाद में हिस्सा ले चुके खान को पेशावर के हयाताबाद क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
इससे पहले गुरुवार को निचले दीर इलाके के सेना के एक अधिकारी ने कहा था कि मौलवी और उसके पांच साथी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। लेकिन सेना के मुख्य प्रवक्ता मेजर जनरल अतहर अब्बास ने इस्लामाबाद में कहा, "वह हमारी हिरासत में नहीं है।"
तालिबान द्वारा सरकार के साथ की गई शांति संधि का उल्लंघन किए जाने के बाद पाकिस्तानी सेना ने उनके खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी थी। पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत में सेना का यह अभियान 45वें दिन में प्रवेश कर गया है।
यह सैन्य अभियान निचले दीर में शुरु हुआ था और उसके बाद बुनेर और स्वात में फैल गया था।
सेना के अभियान की वजह से पाकिस्तान में विस्थापितों का अभूतपूर्व संकट उत्पन्न हो गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications