भारत-कनाडा परमाणु समझौते की तिथि अभी तय नहीं (लीड-1)
टोरंटो, 9 जून (आईएएनएस)। कनाडा और भारत ने कहा है कि वे शीघ्र ही एक परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर करने की राह पर हैं लेकिन इसके लिए कोई निश्चित तिथि निर्धारित नहीं है।
इंडो-कनाडा चैंबर्स ऑफ कामर्स (आईसीसीसी) के एक समारोह में कनाडा के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री स्टाकवेल डे ने कहा कि यद्यपि दोनों देशों ने दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया है लेकिन समझौते पर हस्ताक्षर के लिए कोई निश्चित तिथि नहीं बताई जा सकती।
भारतीय उच्चायुक्त एस.एम.गवई ने कहा,"हम नहीं जानते कि परमाणु समझौते पर कब हस्ताक्षर किए जाएंगे क्योंकि अभी चर्चा का दौर चल रहा है। इसमें समय लगता है।"
भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि अगले पांच वर्षो के बीच दोनों देशों के बीच व्यापार को तिगुना करने की योजना है।
गवई ने कहा कि परमाणु समझौते के लिए दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया गया है। इससे कई तकनीकी और राजनीतिक मुद्दे जुड़े हैं। इन मुद्दों का हल होने के बाद समझौते पर हस्ताक्षर हो पाएंगे।
डे ने कहा कि परमाणु सौदे से दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ेगा। इससे भारत को 25 से 35 परमाणु रिएक्टरों के निर्माण में मदद मिलेगी।
भारत और कनाडा के बीच केवल चार अरब डॉलर का व्यापार होने के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि वर्ष 2008 में दोनों देशों के व्यापार में 22 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसे और बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि नई संभावनाओं के रास्ते खोलने का उनका प्रयास जारी रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications