करिया मुंडा लोकसभा के उपाध्यक्ष बने

सदन में सोमवार को मुंडा के नाम का प्रस्ताव विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने रखा और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने इसका समर्थन किया। इसके बाद सदन के नेता प्रणब मुखर्जी ने मुंडा के नाम का प्रस्ताव रखा और संसदीय कार्यमंत्री पवन कुमार बंसल ने इसका समर्थन किया।
मुंडा के सर्वसम्मति से लोकसभा का उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और आडवाणी ने उन्हें आसन तक पहुंचाया। मनमोहन सिंह ने मुंडा को बधाई देते हुए कहा, "कुछ दिनों पहले मीरा कुमार को लोकसभा अध्यक्ष चुना गया और आज मुंडा को उपाध्यक्ष चुना गया है। दोनों अलग-अलग समुदायों से हैं, ऐसे में दोनों का निर्वाचन ऐतिहासिक है।"
सिंह ने कहा कि मीरा कुमार और मुंडा के निर्वाचन से सदन गौरवान्वित हुआ है और दोनों के संचालन में 15वीं लोकसभा कार्यवाही एक अलग आयाम स्थापित करेगी। उन्होंने मुंडा के बारे में कहा, "वह बहुमुखी प्रतिभा के धनी और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने महिला उत्थान के लिए बहुत काम किया है। "
आडवाणी ने भी मुंडा को बधाई देते हुए कहा, कि "चुनावों में किसी की जीत होती है और किसी की हार। कोई खुश होता है तो कोई निराश। परंतु मेरा मानना है कि यहां लोकतंत्र की जीत हुई है। पिछले दिनों मीरा कुमार और अब मुंडा का निर्वाचन वास्तव में लोकतंत्र की विजय है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications