विजयन पर मुकदमा राजनीति से प्रेरित : बृंदा करात
नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की नेता बृंदा करात ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को पार्टी नेता पिनारयी विजयन पर 300 करोड़ रुपये के एसएनसी लवलीन घोटाले में मुकदमा चलाने की केरल के राज्यपाल की अनुमति राजनीति से प्रेरित है।
बृंदा ने आईएएनएस से कहा,"हमारी पार्टी ने इस मामले पर पहले ही अपना रुख तय कर चुकी है-यह राजनीति से प्रेरित कदम है। पार्टी पोलित ब्यूरो ने पहले ही इस मामले में बयान जारी किया है और केरल में हमारी पार्टी के प्रदेश सचिवालय ने मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है।"
यह पूछे जाने पर कि पार्टी एक वरिष्ठ नेता के करोड़ों रुपये के घोटाले में शामिल होने के आरोपों का सामना कैसे करेगी उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले पर राजनीतिक और कानूनी लड़ाई लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में उपस्थित पोलित ब्यूरो के सदस्य सोमवार को इस मामले पर विचार करेंगे।
यह पहली बार है कि माकपा पोलित ब्यूरो का कोई सदस्य करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोपी बनाया गया है। माकपा पोलित ब्यूरो की बैठक 18 जून को प्रस्तावित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications