माकपा के काला दिवस पर केरल में हिंसा
तिरुवनंतपुरम, 8 जून (आईएएनएस)। राज्यपाल आर.एस.गवई द्वारा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव पिनारई विजयन के खिलाफ 300 करोड़ रुपये के एसएनसी लेवलीन घोटाले में मुकदमा चलाने की सिफारिश किए जाने के विरोधस्वरूप माकपा द्वारा आयोजित काला दिवस पर केरल के कुछ हिस्सों से हिंसा की खबर है।
राज्य के कन्नूर, पलक्कड, इदुक्की और अलप्पुझा जिलों में हिंसा की खबरें हैं। इन जिलों में माकपा कार्यकर्ताओं ने जमकर उतापात मचाया।
कोझीकोड में माकपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के एक वाहन को आग के हवाले कर दिया। वहीं पलक्कड में कार्यकर्ताओं ने मुख्य मार्ग पर यातायात जाम कर दिया।
कई स्थानों पर शैक्षणिक संस्थान बंद रहे और विभिन्न विश्वविद्यालयों की सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी गईं।
विपक्ष के नेता ओमन चांडी ने हिंसा की निंदा की है।
चांडी ने कहा, "मैं माकपा द्वारा की गई हिंसा का जायजा लेने कन्नूर जा रहा हूं। कई सारे घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। माकपा के पोलित ब्यूरो ने कहा है कि वह विजयन के मामले के साथ राजनैतिक और कानूनी स्तरों पर निपटेगी। लेकिन आज जो कुछ हुआ उससे यह स्पष्ट हुआ है कि उन्होंने इस मामले के साथ लाठी के जरिए निपटने का फैसला किया है।"
इस बीच मुख्यमंत्री वी.एस.अच्युतानंदन ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि माकपा पोलित ब्यूरो मामले पर चर्चा करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications