विद्युत दर में बढ़ोतरी को लेकर मुंबई में हिंसा
मुंबई, 8 जून (आईएएनएस)। विद्युत दर में बढ़ोतरी किए जाने से नाराज शिव सेना के संदिग्ध कार्यकर्ताओं ने यहां रिलायंस इनर्जी के मुख्य कार्यालय पर हमला बोल दिया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पथराव किया और कम से कम चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
विरोध प्रदर्शन उस समय शुरू हुआ जब शिव सेना के 500 से अधिक कार्यकर्ता अनिल परब के नेतृत्व में सांताक्रूज स्थित रिलायंस कार्यालय पहुंचे और कार्यालय की इमारत पर पथराव करने लगे।
कार्यालय पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने सेना कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की तो शिव सैनिकों ने उसकी भी धुनाई कर दी।
वाकोला पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि शिव सैनिकों ने एक ट्रक सहित चार वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया।
सेना नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल विद्युत दरों में की गई बढ़ोतरी के मुद्दे पर रिलायंस अधिकारियों के साथ वार्ता करने के लिए गया हुआ था, इसके बावजूद शिव सैनिक हिंसा पर उतारू हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications