उत्तर कोरिया मसले पर जापान ने चीन का समर्थन मांगा
टोक्यो, 8 जून (आईएएनएस)। जापान के प्रधानमंत्री तारो आसो ने अपने देश की यात्रा पर आए चीन के उपप्रधानमंत्री वेंग किशान से उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षण के मद्देनजर उसके खिलाफ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में प्रस्ताव पारित कराने के लिए समर्थन मांगा है।
समाचार एजेंसी डीपीए ने सरकारी अधिकारियों के हवाले से खबर दी है कि आसो ने वेंग से कहा कि जापान चाहता है कि उत्तर कोरिया की निंदा करने में चीन अहम भूमिका निभाए। वेंग दोनों देशों के बीच दूसरी उच्च-स्तरीय आर्थिक वार्ता में शरीक होने के लिए यहां आए हुए हैं।
समाचार एजेंसी क्योदो ने आसो के हवाले से कहा है, "यदि उत्तर कोरिया परमाणु हथियार हासिल करता है तो क्षेत्र पर उसका गंभीर प्रभाव पड़ेगा।"
वेंग ने कहा, "चीन उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षण का कड़े शब्दों में विरोध करता है।" हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि संयुक्त राष्ट्र में उनका देश अन्य देशों के साथ इस बारे में बातचीत करेगा या नहीं।
उधर जापान चाहता है कि उत्तर कोरिया के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कड़ा प्रस्ताव पारित किया जाए जिसमें उसके खिलाफ अतिरिक्त प्रतिबंधों का जिक्र हो, जबकि चीन उसके खिलाफ कड़े कदमों के हक में नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications