पाटिल की गिरफ्तारी पार्टी के लिए शर्मनाक: राकांपा
पाटिल को रविवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो ने गिरफ्तार किया था और उसके बाद उन्हें 14 जून की तक की हिरासत में भेज दिया गया। पाटिल की गिरफ्तारी पर राकांपा प्रवक्ता डी.पी.त्रिपाठी ने कहा, "बेशक यह पार्टी के लिए शर्मनाक है। मामले की सुनवाई अभी जारी है।"
त्रिपाठी ने कहा, "हमारे वकीलों ने कहा है कि पाटिल को मौका मिल सकता है क्योंकि यह मामला सह अभियुक्त के बयान पर आधारित है।" पार्टी के वरिष्ठ नेता और नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि यह मामला पाटिल और जांच एजेंसियों व पुलिस के बीच का है।
पटेल ने कहा, "राकांपा इसे व्यक्तिगत मामला मानती है। यदि पाटिल के खिलाफ आरोप साबित होता है तो पार्टी खुद को उनसे अलग कर लेगी।"
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता पवन राजे निबांलकर और उनके चालक की नवी मुंबई में तीन जुलाई 2006 को हत्या कर दी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।