स्वाइन फ्लू: आंध्र में स्वास्थ्य अलर्ट

इस मामले पर आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक के लिए केंद्र से छह सरकारी स्वास्थ्य अधिकारी रविवार को हैदराबाद पहुंचे हैं.
केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को एच1एन1 वायरस के चार और मामलों की पुष्टि की जिसके साथ ही अब तक कुल छह मामलों की पुष्टि हो गई है.
स्वाइन फ्लू के तीन मामले ब्रिटिश एयरवेज़ के विमान से आए थे जबकि एक स्थानीय व्यक्ति को उसके भाई से ये बीमारी हुई.
आंध्र प्रदेश में फ्लू के सबसे अधिक मामले सामने आने के बाद राज्य सरकार ने स्वास्थय अलर्ट घोषित कर दिया है और मुख्यमंत्री वाई राजशेखर रेड्डी ने स्वास्थ्य अधिकारियों से ज़रुरी क़दम उठाने के लिए कहा है.
इस बीच केंद्र सरकार की ओर से छह स्वास्थय अधिकारियों का दल हैदराबाद पहुंचा है और स्थानीय अधिकारियों के साथ चर्चा की है. इस दल ने सरकारी अस्पताल का दौरा भी किया और फ्लू के रोगियों के लिए की जा रही व्यवस्था का जायज़ा लिया.
राज्य सरकार ने फ्लू से निपटने के लिए व्यापक इंतज़ाम करते हुए हर ज़िले में स्पेशल वार्ड बनाए हैं और हैदराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आने जाने वालों की जांच और कड़ी करने का फ़ैसला किया है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्ल्यूएचओ का कहना है कि स्वाइन फ़्लू 69 देशों तक फैला है और इससे 22,000 से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं. संगठन का कहना है कि स्वाइन फ़्लू से कम के कम 125 लोगों की मौत हुई है.


Click it and Unblock the Notifications