'लापता विमान के यात्रियों के शव मिले'

ब्राज़ीली वायुसेना ने बताया है कि पिछले दिनों अटलांटिक महासागर के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हुए फ़्रांसीसी विमान में सवार दो लोगों के शव मिले हैं.वायुसेना के प्रवक्ता जॉर्ज अमरेल ने बताया शनिवार सुबह समुद्र से दोनों शव निकाले गए.
इन शवों की पहचान के लिए जाँच चल रही है. उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हम पानी से शवों और विमान का मलबा मिलने की पुष्टि करते हैं. दोनों शव पुरुष यात्रियों के हैं." उन्होंने कहा कि यात्रियों के कुछ सामान भी खोजे गए हैं. इनमें एक सूटकेस मिला है जिसमें विमान का टिकट है और एक बैग में लैपटॉप मिला है.
संदेश मिले
फ़्रांसीसी जाँचकर्ताओं का कहना है कि अटलांटिक महासागर के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले फ़्रांसीसी जेट विमान से 24 संदेश भेजे गए लेकिन इन्हें समझा नहीं जा सका. जाँचकर्ताओं का कहना है कि विमान का ऑटोपायलट दुर्घटना से ठीक पहले ऑन नहीं था, हालाँकि ये पता नहीं है कि उसे स्विच ऑफ़ किया गया था या वह काम ही नहीं कर रहा था.
विमान का मार्ग
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बात के कोई सबूत नहीं है कि विमान जिस तरह के तूफ़ान में फँसा होगा वो इस सीज़न में कोई असामान्य तरह का था. एयरबस- 330 विमान ब्राजील के रियो डे जेनेरो से पेरिस के लिए उड़ा था लेकिन अचानक नियंत्रण कक्ष से इसका संपर्क टूट गया और विमान लापता हो गया.
उस समय विमान अटलांटिक महासागर के ऊपर से उड़ान भर रहा था. इसमें चालक दल के सदस्यों समेत 228 लोग सवार थे. अधिकारियों ने बाद में विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने की पुष्टि की और स्वीकार किया कि इसमें सवार किसी भी व्यक्ति के जीवित होने की संभावना नहीं है. अधिकारियों को ये पता नहीं है कि किन परिस्थितियों में विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ लेकिन ये ज़रूर है कि इसका सामान ख़राब मौसम से हुआ.
पेरिस में संवाददाता सम्मेलन में फ़्रांस के हवाई दुर्घटना जाँच एजेंसी के निदेशक पॉल लुई ने बताया कि दुर्घटना से ठीक पहले विमान से 24 'एरर मैसेज' भेजे गए जिन्हें समझा नहीं जा सका. उन्होंने कहा कि विमान की सभी प्रणालियों ने एक-एक करके काम करना बंद कर दिया.


Click it and Unblock the Notifications