विमान दुर्घटना की वजहों पर चर्चा गर्म

विमान दुर्घटना की वजहों पर चर्चा गर्म

फ़्रांसीसी जाँचकर्ता इस बात की भी जाँच कर रहे हैं कि दुर्घटना की एक वजह गति में अचानक आया बदलाव हो सकता है.

अब एयर फ़्रांस का कहना है कि वह एयरबस विमानों पर लगे 'स्पीड मॉनिटर्स' यानी गति मापने वाले यंत्र बदलने की प्रक्रिया तेज़ करेगी.

विमान का मार्ग

एक बयान में एयर फ़्रांस ने कहा कि गति मापने वाले यंत्र में परेशानी सबसे पहले पिछले साल मई में सामने आई थी और इस दुर्घटना से कुछ ही हफ़्ते पहले उन यंत्रों को बदलने की प्रक्रिया शुरू भी हो गई थी.

मगर जाँचकर्ताओं का कहना है कि लापता हुए विमान ए330 पर लगे वे यंत्र अभी तक बदले नहीं गए थे और ख़राब मौसम में लापता होने से पहले वे यंत्र 'उल्टे-सीधे आँकड़े' भेज रहे थे.

उस लापता विमान पर 228 लोग सवार थे और ब्राज़ीलियाई अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने शनिवार को अटलांटिक महासागर से दो पुरुष यात्रियों के शव और कुछ निजी सामान बरामद किए हैं.

'ख़तरनाक नहीं परेशानी'

एयर फ़्रांस का कहना है कि उसने पिछले साल मई में परेशानी सामने आने के बाद ही विमान निर्माताओं को उसकी सूचना दे दी थी.

सूचना देने के कुछ महीनों बाद एयरबस कंपनी की ओर से सिफ़ारिश आई कि गति पर निगरानी रखने वाले वे यंत्र बदल दिए जाने चाहिए.

एयर फ़्रांस का कहना है कि इसके बाद उसने दुर्घटना के पाँच हफ़्ते पहले ही विमानों में वे यंत्र बदलने शुरू कर दिए थे.

मगर फ़्रांस में जाँच कर रहे दल ने पुष्टि की है कि वो बदलाव, लापता हुए विमान में नहीं हुआ था.

एयर फ़्रांस ने ज़ोर देकर कहा है कि एयरबस कंपनी ने उन यंत्रों को बदलने के बारे में ये नहीं कहा था कि उससे विमान की सुरक्षा प्रभावित होती है.

फ़्रांसीसी जाँचकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि इस बात के सामने आने भर से ही लोगों को किसी नतीजे पर पहुँचने की कोशिश नहीं करनी चाहिए.

उनके मुताबिक़ वो यंत्र बदले नहीं जाने का मतलब ये नहीं था कि वो विमान ख़तरनाक था.

शव मिले

इससे पहले ब्राज़ीलियाई वायुसेना के प्रवक्ता जॉर्ज अमारेल ने शनिवार सुबह समुद्र से दो शव निकाले जाने की जानकारी दी.

इन शवों की पहचान के लिए जाँच चल रही है.

अमारेल ने पत्रकारों से कहा, "हम पानी से शवों और विमान का मलबा मिलने की पुष्टि करते हैं. दोनों शव पुरुष यात्रियों के हैं."

उन्होंने बताया कि यात्रियों के कुछ सामान भी मिले हैं, जिनमें एक सूटकेस है जिसमें विमान का टिकट है और एक बैग में लैपटॉप मिला है.

फ़्रांसीसी जाँचकर्ताओं का कहना है कि अटलांटिक महासागर के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले फ़्रांसीसी जेट विमान से 24 संदेश भेजे गए लेकिन इन्हें समझा नहीं जा सका.

जाँचकर्ताओं का कहना है कि विमान का ऑटोपायलट दुर्घटना से ठीक पहले ऑन नहीं था, हालाँकि ये पता नहीं है कि उसे स्विच ऑफ़ किया गया था या वह काम ही नहीं कर रहा था.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+