जम्मू एवं कश्मीर बस दुर्घटना में 26 लापता (लीड-1)
पुलिस ने कहा कि बस में सवार चार यात्री (बस का परिचालक, एक बच्चा व दो महिलाएं) उस समय बस से बाहर आ गिरे, जब बस लुढ़क कर 500 मीटर की ऊंचाई से चिनाब नदी में जा गिरी। बस से बाहर गिरे ये यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार लापता यात्रियों के जिंदा होने की संभावना न के बराबर है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि लापता यात्री नदी में डूब गए होंगे लेकिन अभी तक एक भी शव बरामद नहीं हुआ है।
घायल यात्रियों के अनुसार बस में चालक व परिचालक सहित लगभग 30 यात्री सवार थे।
जिला पुलिस प्रमुख प्रभात सिह ने संवाददाताओं को बताया, "अभी तक मरने वालों की संख्या के बारे में हमारे पास कोई जानकारी नहीं है। लेकिन किसी भी यात्री के जिंदा होने की संभावना न के बराबर है।"
उन्होंने कहा कि बस पूरी तरह से नदी में डूब गई है। बस का कोई भी हिस्सा दिखाई नहीं दे रहा है। भारतीय सेना के गोताखोरों और क्रेनों की सहायता से बचाव अभियान चलाया जा रहा है लेकिन तेज धारा और गहरे पानी के कारण अभियान में बाधा आ रही है।
सिंह ने बताया कि दुर्घटना में जिंदा बचे चार घायलों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे सभी गहरे सदमे में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications